स्कन्ध 10 || अध्याय 36 || अरिष्टासुरका उद्धार और कंस का श्रीअक्रूरजीको व्रजमें भेजना

*॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥*
       "श्रीमद्भागवतमहापुराण" 

स्कन्ध 10 || अध्याय 36 || 
*अरिष्टासुरका उद्धार और कंस का श्रीअक्रूरजीको व्रजमें भेजना*
श्री शुकदेव जी कहते हैं - परीक्षित! जिस समय भगवान श्रीकृष्ण व्रज में प्रवेश कर रहे थे और वहाँ आनन्दोत्सव की धूम मची हुई थी, उसी समय अरिष्टासुर नाम का एक दैत्य बैल का रूप धारण करके आया। उसका ककुद (कंधे का पुट्ठा) या थुआ और डील-डौल दोनों ही बहुत बड़े-बड़े थे। वह अपने खुरों को इतने जोर से पटक रहा था कि उससे धरती काँप रही थी। वह बड़े जोर से गर्ज रहा था और पैरों से धूल उछालता जाता थ। पूँछ खड़ी किये हुए था और सींगों से चाहरदीवारी, खेतों की मेड़ आदि तोड़ता जाता था। बीच-बीच में बार-बार मूतता और गोबर छोड़ता जाता था। आँखें फाड़कर इधर-उधर दौड़ रहा था।

परीक्षित! उसके जोर से हँकड़ने से - निष्ठुर गर्जना से भयवश स्त्रियों और गौओं के तीन-चार महीने के गर्भ स्रवित हो जाते थे और पाँच-छः महीने के गिर जाते थे। और तो क्या कहूँ, उसके कुकुद को पर्वत समझकर बादल उस पर आकर ठहर जाते थे। परीक्षित! उस तीखे सींगवाले बैल को देखकर गोपियाँ और गोप सभी भयभीत हो गये। पशु तो इतने डर गये कि अपने रहने का स्थान छोड़कर भाग ही गये। उस समय सभी व्रजवासी ‘श्रीकृष्ण! श्रीकृष्ण! हमें इस भय से बचाओ’ इस प्रकार पुकारते हुए भगवान श्रीकृष्ण की शरण में आये। भगवान ने देखा कि हमारा गोकुल  अत्यन्त भयातुर हो रहा है। तब उन्होंने ‘डरने की कोई बात नहीं है’ - यह कहकर सबको ढाढ़स बँधाया और फिर वृषासुर को ललकारा, ‘अरे मूर्ख! महादुष्ट! तू इन गौओं और ग्वालों को क्यों डरा रहा है? इससे क्या होगा। देख, तुझ-जैसे दुरात्मा दुष्टों के बल का घमंड चूर-चूर कर देने वाला यह मैं हूँ।’

इस प्रकार ललकार कर भगवान ने ताल ठोकी और उसे क्रोधित करने के लिये वे अपने एक सखा के गले में बाँह डालकर खड़े हो गये। भगवान श्रीकृष्ण की इस चुनौती से वह क्रोध के मारे तिलमिला उठा और अपने खुरों से बड़े जोर से धरती खोदता हुआ श्रीकृष्ण की ओर झपटा। उस समय उसकी उठायी हुई पूँछ के धक्के से आकाश के बादल तितर-बितर होने लगे। उसने अपने तीखे सींग आगे कर लिये। लाल-लाल आँखों से टकटकी लगाकर श्रीकृष्ण की ओर टेढ़ी नज़र से देखता हुआ वह उनपर इतने वेग से टूटा, मानो इन्द्र के हाथ से छोड़ा हुआ वज्र हो।

भगवान श्रीकृष्ण ने अपने दोनों हाथों से उसके दोनों सींग पकड़ लिये और जैसे एक हाथी अपने से भिड़ने वाले दूसरे हाथी को पीछे हटा देता है, वैसे ही उन्होंने उसे अठारह पग पीछे ठेलकर गिरा दिया। भगवान के इस प्रकार ठेल देने पर वह फिर तुरंत ही उठ खड़ा हुआ और क्रोध से अचेत होकर लंबी-लंबी साँस छोड़ता हुआ फिर उन पर झपटा। उस समय उसका सारा शरीर पसीने से लथपथ हो रहा था।

भगवान ने जब देखा कि वह अब मुझ पर प्रहार करना ही चाहता है, तब उन्होंने उनके सींग पकड़ लिये और उसे लात मारकर ज़मीन पर गिरा दिया और फिर पैरों से दबाकर इस प्रकार उसका कचूमर निकाला, जैसे कोई गीला कपड़ा निचोड़ रहा हो। इसके बाद उसी का सींग उखाड़कर उसको खूब पीटा, जिससे वह पड़ा ही रहा गया।

परीक्षित! इस प्रकार वह दैत्य मुँह से खून उगलता और गोबर-मूत करता हुआ पैर पटकने लगा। उसकी आँखें उलट गयीं और उसने बड़े कष्ट के साथ प्राण छोड़े। अब देवता लोग भगवान पर फूल बरसा-बरसाकर उनकी स्तुति करने लगे। जब भगवान श्रीकृष्ण ने इस प्रकार बैल के रूप में आने-वाले अरिष्टासुर को मार डाला, तब सभी गोप उनकी प्रशंसा करने लगे। उन्होंने बलराम जी के साथ गोष्ठ में प्रवेश किया और उन्हें देख-देखकर गोपियों के नयन-मन आनन्द से भर गये।

परीक्षित! भगवान की लीला अत्यन्त अद्भुत है। इधर जब उन्होंने अरिष्टासुर को मार डाला, तब भगवन्मय नारद, जो लोगों को शीघ्र-से-शीघ्र भगवान का दर्शन कराते रहते हैं, कंस के पास पहुँचा। उन्होंने उससे कहा - ‘कंस! जो कन्या तुम्हारे हाथ से छूटकर आकाश में चली गयी, वह तो यशोदा की पुत्री थी। और व्रज में जो श्रीकृष्ण हैं, वे देवकी के पुत्र हैं। वहाँ जो बलराम जी हैं, वे रोहिणी के पुत्र हैं। वसुदेव ने तुमसे डरकर अपने मित्र नन्द के पास उन दोनों को रख दिया है। उन्होंने ही तुम्हारे अनुचर दैत्यों का वध किया है।’ यह बात सुनते ही कंस की एक-एक इन्द्रिय क्रोध के मारे काँप उठी।

उसने वसुदेव जी को मार डालने के तुरंत तीखी तलवार उठा ली, परन्तु नारद जी ने रोक दिया। जब कंस को यह मालूम हो गया कि वसुदेव के लड़के ही हमारी मृत्यु के कारण हैं, तब उसने देवकी और वसुदेव दोनों ही पति-पत्नी को हथकड़ी और बेड़ी से जकड़कर फिर जेल में डाल दिया। जब देवर्षि नारद चले गये, तब कंस ने केशी को बुलाया और कहा - ‘तुम व्रज में जाकर बलराम और कृष्ण को मार डालो।’ वह चला गया।

इसके बाद कंस ने मुष्टिक, चाणूर, शल, तोशल आदि पहलवानों, मन्त्रियों और महावतों को बुलाकर कहा - ‘वीरवर चाणूर और मुष्टिक! तुम लोग ध्यानपूर्वक मेरी बात सुनो। वसुदेव के दो पुत्र बलराम और कृष्ण नन्द के व्रज में रहते हैं। उन्हीं के हाथ से मेरी मृत्यु बतलायी जाती है। अतः जब वे यहाँ आवें, तब तुमलोग उन्हें कुश्ती लड़ने-लड़ाने के बहाने मार डालना। अब तुम लोग भाँति-भाँति के मंच बनाओ और उन्हें अखाड़े के चारों ओर गोल-गोल सजा दो। उन पर बैठकर नगरवासी और देश की दूसरी प्रजा इस स्वच्छंद दंगल को देखें।

महावत! तुम बड़े चतुर हो। देखो भाई! तुम दंगल के घेरे के फाटक पर ही अपने कुवलयापीड हाथी  को रखना और जब मेरे शत्रु उधर से निकलें, तब उसी के द्वारा उन्हें मरवा डालना। इसी चतुर्दशी को विधिपूर्वक धनुष यज्ञ प्रारम्भ कर दो और उसकी सफलता के लिये वरदानी भूतनाथ भैरव को बहुत-से पवित्र पशुओं की बलि चढाओ। (01-26)

परीक्षित! कंस तो केवल स्वार्थ-साधन का सिद्धान्त जानता था। इसलिये उसने मन्त्री, पहलवान और महावत को इस प्रकार आज्ञा देकर श्रेष्ठ यदुवंशी अक्रूर को बुलवाया और उनका हाथ अपने हाथ में लेकर बोला - ‘अक्रूर जी! आप तो बड़े उदार दानी हैं। सब तरह से मेरे आदरणीय हैं। आज आप मेरा एक मित्रोचित काम कर दीजिये; क्योंकि भोजवंशी और वृष्णिवंशी यादवों में आपसे बढ़कर मेरी भलाई करने वाला दूसरा को नहीं है। यह काम बहुत बड़ा है, इसलिये मेरे मित्र! मैंने आपका आश्रय लिया है। ठीक वैसे हो, जैसे इन्द्र समर्थ होने पर भी विष्णु का आश्रय लेकर अपना स्वार्थ साधता रहता है।

आप नन्दराय के व्रज में जाइये। वहाँ वसुदेव जी की दो पुत्र हैं। उन्हें इसी रथ पर चढ़ाकर यहाँ ले आइये। बस, अब इस काम में देर नहीं होनी चाहिये। सुनते हैं, विष्णु के भरोसे जीने वाले देवताओं ने उन दोनों को मेरी मृत्यु का कारण निश्चित किया है। इसलिये आप उन दोनों को तो ले ही आइये, साथ ही नन्द आदि गोपों को भी बड़ी-बड़ी भेंटों के साथ ले आइये। यहाँ आने पर मैं उन्हें अपने काल समान कुवलयापीड हाथी से मरवा डालूँगा। यदि वे कदाचित उस हाथी से बच गये, तो मैं अपने वज्र के समान मजबूत और फुर्तीले पहलवान मुष्टिक-चाणूर आदि से उन्हें मरवा डालूँगा।

उनके मारे जाने पर वसुदेव आदि वृष्णि, भोज और दशार्हवंशी उनके भाई-बन्धु शोकाकुल हो जायँगे। फिर उन्हें मैं अपने हाथों मार डालूँगा। मेरा पिता उग्रसेन यों तो बूढ़ा हो गया है, परन्तु अभी उसको राज्य का लोभ बना हुआ है। यह सब कर चुकने के बाद मैं उसको, उसके भाई देवक को और दूसरे भी जो-जो मुझसे द्वेष करने वाले हैं - उन सबको तलवार के घाट उतार दूँगा।

मेरे मित्र अक्रूर जी! फिर तो मैं होऊँगा और आप होंगे तथा होगा इस पृथ्वी का अकण्टक राज्य। जरासन्ध हमारे बड़े-बूढ़े ससुर हैं और वानर राज द्विविद मेरे प्यारे सखा हैं। शम्बरासुर, नरकासुर और बाणासुर - ये तो मुझसे मित्रता करते ही हैं, मेरा मुँह देखते रहते हैं; इन सबकी सहायता से मैं देवताओं के पक्षपाती नरपतियों को मारकर पृथ्वी का अकण्टक राज्य भोगूँगा। यह सब अपनी गुप्त बातें मैंने आपको बतला दीं। अब आप जल्दी-से-जल्दी बलराम और कृष्ण को यहाँ ले आइये। अभी तो वे बच्चे ही हैं। उनको मार डालने में क्या लगता है? उनसे केवल इतनी ही बात कहियेगा कि वे लोग धनुष यज्ञ के दर्शन और यदुवंशियों की राजधानी मथुरा की शोभा देखने के लिये यहाँ आ जायँ।'

अक्रूर जी ने कहा - महाराज! आप अपनी मृत्यु, अपना अरिष्ट दूर करना चाहते हैं, इसलिये आपका ऐसा सोचना ठीक ही है। मनुष्य को चाहिये कि चाहे सफलता हो या असफलता, दोनों के प्रति समभाव रखकर अपना काम करता जाए। फल तो प्रयत्न से नहीं, दैवी प्रेरणा से मिलते हैं।

मनुष्य बड़े-बड़े मनोरथों के पुल बाँधता रहता है, परन्तु वह यह नहीं जानता कि दैव ने, प्रारब्ध ने इसे पहले से ही नष्ट कर रखा है। यही कारण है कि कभी प्रारब्ध के अनुकूल होने पर प्रयत्न सफल हो जाता है तो वह हर्ष से फूल उठता है और प्रतिकूल होने पर विफल हो जाता है तो शोकग्रस्त हो जाता है। फिर भी मैं आपकी आज्ञा का पालन तो कर ही रहा हूँ।

श्री शुकदेव जी कहते हैं - कंस ने मन्त्रियों और अक्रूर जी को इस प्रकार की आज्ञा देकर सबको विदा कर दिया। तदनन्तर वह अपने महल में चला गया और अक्रूर जी अपने घर लौट आये। (27-40) 

Post a Comment