*॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥*
"श्रीमद्भागवतमहापुराण"
स्कन्ध 10 || अध्याय 52 ||
*द्वारकागमन, श्रीबलराम जी का विवाह तथा श्रीकृष्ण के पास रुक्मिणी जी का सन्देशा लेकर ब्राह्मण का आना*
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- प्यारे परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण ने इस प्रकार इक्ष्वाकुनन्दन राजा मुचुकुन्द पर अनुग्रह किया। अब उन्होंने भगवान की परिक्रमा की, उन्हें नमस्कार किया और गुफ़ा से बाहर निकले। उन्होंने बाहर आकर देखा कि सब-के-सब मनुष्य, पशु, लता और वृक्ष-वनस्पति पहले की अपेक्षा बहुत छोटे-छोटे आकार के हो गये हैं। इससे यह जानकर कि कलियुग आ गया, वे उत्तर दिशा की ओर चल दिये। महाराज मुचुकुन्द तपस्या, श्रद्धा, धैर्य तथा अनासक्ति से युक्त एवं संशय-सन्देह से मुक्त थे। वे अपना चित्त भगवान श्रीकृष्ण में लगाकर गन्धमादन पर्वत पर जा पहुँचे। भगवान नर-नारायण के नित्य निवासस्थान बदरिकाश्रम में जाकर बड़े शान्त-भाव से गर्मी-सर्दी आदि द्वन्द सहते हुए वे तपस्या के द्वारा भगवान की आराधना करने लगे।
इधर भगवान श्रीकृष्ण मथुरापुरी में लौट आये। अब तक कालयवन की सेना ने उसे घेर रखा था। अब उन्होंने म्लेच्छों की सेना का संहार किया और उसका सारा धन छीनकर द्वारका को ले चले। जिस समय भगवान श्रीकृष्ण के आज्ञानुसार मनुष्यों और बैलों पर वह धन ले जाया जाने लगा, उसी समय मगधराज जरासन्ध फिर (अठारहवीं बार) तेईस अक्षौहिणी सेना लेकर आ धमका।
परीक्षित! शत्रु-सेना का प्रबल वेग देखकर भगवान श्रीकृष्ण और बलराम मनुष्यों की-सी लीला करते हुए उसके सामने से बड़ी फुर्ती के साथ भाग निकले। उनके मन में तनिक भी भय न था। फिर भी मानो अत्यन्त भयभीत हो गये हों- इस प्रकार का नाट्य करते हुए, वह सब-का-सब धन वहीं छोड़कर अनेक योजनों तक वे अपने कमलदल के समान सुकोमल चरणों से ही, पैदल भागते चले गये। जब महाबली मगधराज जरासन्ध ने देखा कि श्रीकृष्ण और बलराम तो भाग रहे हैं, तब वह हँसने लगा और अपनी रथ-सेना के साथ उनका पीछा करने लगा। उसे भगवान श्रीकृष्ण और बलराम जी के ऐश्वर्य, प्रभाव आदि का ज्ञान न था। बहुत दूर तक दौड़ने के कारण दोनों भाई कुछ थक-से गये। अब वे बहुत ऊँचे प्रवर्षण पर्वत पर चढ़ गये। उस पर्वत का ‘प्रवर्षण’ नाम इसलिये पड़ा था कि वहाँ सदा ही मेघ वर्षा किया करते थे।
परीक्षित! जब जरासन्ध ने देखा कि वे दोनों पहाड़ में छिप गये और बहुत ढूँढ़ने पर भी पता न चला, तब उसने ईधन से भरे हुए प्रवर्षण पर्वत के चारों ओर आग लगवाकर उसे जला दिया। जब भगवान ने देखा कि पर्वत के छोर जलने लगे हैं, तब दोनों भाई जरासन्ध की सेना के घेरे को लाँघते हुए बड़े वेग से उस ग्यारह योजन (चौवालीस कोस) ऊँचे पर्वत से एकदम नीचे धरती-पर कूद आये। राजन! उन्हें जरासन्ध ने अथवा उसके किसी सैनिक ने देखा नहीं और वे दोनों भाई वहाँ से चलकर फिर अपनी समुद्र से घिरी हुई द्वारकापुरी में चले आये। जरासन्ध ने झूठमूठ ऐसा मान लिया कि श्रीकृष्ण और बलराम तो जल गये और फिर वह बहुत बड़ी सेना लौटाकर मगधदेश को चला गया। यह बात मैं तुमसे पहले ही (नवम स्कन्ध में) कह चुका हूँ कि आनर्तदेश के राजा श्रीमान रैवत जी ने अपनी रेवती नाम की कन्या ब्रह्मा जी की प्रेरणा से बलराम जी के साथ ब्याह दी।
परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण भी स्वयंवर में आये हुए शिशुपाल और उसके पक्षपाती शाल्व आदि नरपतियों को बलपूर्वक हराकर सबके देखते-देखते, जैसे गरुड़ ने सुधा का हरण किया था, वैसे ही विदर्भदेश की राजकुमारी रुक्मिणी को हर लाये और उनसे विवाह कर लिया। रुक्मिणी जी राजा भीष्मक की कन्या और स्वयं भगवती लक्ष्मी जी का अवतार थीं।
राजा परीक्षित ने पूछा- भगवन! हमने सुना है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भीष्मकनन्दिनी परमसुन्दरी रुक्मिणी देवी को बलपूर्वक हरण करके राक्षस विधि से उनके साथ विवाह किया था। महाराज! अब मैं यह सुनना चाहता हूँ कि परम तेजस्वी भगवान श्रीकृष्ण ने जरासन्ध, शाल्व आदि नरपतियों को जीतकर किस प्रकार रुक्मिणी का हरण किया? ब्रह्मर्षे! भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के सम्बन्ध में क्या कहना है? वे स्वयं तो पवित्र हैं ही, सारे जगत का मल धो-बहाकर उसे भी पवित्र कर देने वाली हैं। उनमें ऐसी लोकोत्तर माधुरी है, जिसे दिन-रात सेवन करते रहने पर भी नित्य नया-नया रस मिलता रहता है। भला ऐसा कौन रसिक, कौन मर्मज्ञ है, जो उन्हें सुनकर तृप्त न हो जाये।
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- परीक्षित! महाराज भीष्मक विदर्भदेश के अधिपति थे। उनके पाँच पुत्र और एक सुन्दरी कन्या थी। सबसे बड़े पुत्र का नाम था रुक्मी और चार छोटे थे- जिनके नाम थे क्रमशः रुक्मरथ, रुक्मबाहु, रुक्मकेश और रुक्ममाली। इनकी बहिन थीं सती रुक्मिणी। जब उसने भगवान श्रीकृष्ण के सौन्दर्य, पराक्रम, गुण और वैभव की प्रशंसा सुनी- जो उसके महल में आने वाले अतिथि प्रायः गाया ही करते थे- तब उसने यही निश्चय किया कि भगवान श्रीकृष्ण ही मेरे अनुरूप पति हैं। भगवान श्रीकृष्ण भी समझते थे कि ‘रुक्मिणी में बड़े सुन्दर-सुन्दर लक्षण हैं, वह परम बुद्धिमती है; उदारता, सौन्दर्य, शील स्वभाव और गुणों में भी अद्वितीय है। इसलिये रुक्मिणी जी ही मेरे अनुरूप पत्नी है। अतः भगवान ने रुक्मिणी जी से विवाह करने का निश्चय किया। रुक्मिणी जी के भाई-बन्धु भी चाहते थे कि हमारी बहिन का विवाह श्रीकृष्ण से ही हो। परन्तु रुक्मी श्रीकृष्ण से बड़ा द्वेष रखता था, उसने उन्हें विवाह करने से रोक दिया और शिशुपाल को ही अपनी बहिन के योग्य वर समझा।
जब परमसुन्दरी रुक्मिणी को यह मालूम हुआ कि मेरा बड़ा भाई रुक्मी शिशुपाल के साथ मेरा विवाह करना चाहता है, तब वे बहुत उदास हो गयीं। उन्होंने बहुत कुछ सोच-विचार कर एक विश्वासपात्र ब्राह्मण को तुरंत श्रीकृष्ण के पास भेजा। जब वे ब्राह्मणदेवता द्वारकापुरी में पहुँचे, तब द्वारपाल उन्हें राजमहल के भीतर ले गये। वहाँ जाकर ब्राह्मणदेवता ने देखा कि आदिपुरुष भगवान श्रीकृष्ण सोने के सिंहासन पर विराजमान हैं। ब्राह्मणों के परमभक्त भगवान श्रीकृष्ण उन ब्राह्मणदेवता को देखते ही अपने आसन से नीचे उतर गये और उन्हें अपने आसन पर बैठाकर वैसी ही पूजा की, जैसे देवता लोग उनकी (भगवान की) किया करते हैं।
आदर-सत्कार, कुशल-प्रश्न के अनन्तर जब ब्राह्मणदेवता खा-पी चुके, आराम-विश्राम कर चुके, तब संतों के परमआश्रय भगवान श्रीकृष्ण उनके पास गये और अपने कोमल हाथों से उनके पैर सहलाते हुए बड़े शान्त भाव से पूछने लगे- ‘ब्राह्मणशिरोमणे! आपका चित्त तो सदा-सर्वदा सन्तुष्ट रहता है न? आपको अपने पूर्वपुरुषों द्वारा स्वीकृत धर्म का पालन करने में कोई कठिनाई तो नहीं होती। ब्राह्मण यदि जो कुछ मिल जाये, उसी में सन्तुष्ट रहे और अपने धर्म का पालन करे, उससे च्युत न हो तो वह सन्तोष ही उसकी सारी कामनाएँ पूर्ण कर देता है। (01-31)
यदि इन्द्र का पद पाकर भी किसी को सन्तोष न हो तो उसे सुख के लिये एक लोक से दूसरे लोक में बार-बार भटकना पड़ेगा, वह कहीं भी शान्ति से बैठ नहीं सकेगा। परन्तु जिसके पास तनिक भी संग्रह-परिग्रह नहीं है और जो उसी अवस्था में सन्तुष्ट है, वह सब प्रकार से सन्तापरहित होकर सुख की नींद सोता है। जो स्वयं प्राप्त हुई वस्तु से सन्तोष कर लेते हैं, जिनका स्वभाव बड़ा ही मधुर है और जो समस्त प्राणियों के परम हितैषी, अहंकाररहित और शान्त हैं, उन ब्राह्मणों को मैं सदा सिर झुकाकर नमस्कार करता हूँ।
ब्राह्मणदेवता! राजा की ओर से तो आप लोगों को सब प्रकार की सुविधा है न? जिसके राज्य में प्रजा का अच्छी तरह पालन होता है और वह आनन्द से रहती है, वह राजा मुझे बहुत ही प्रिय है। ब्राह्मणदेवता! आप कहाँ से, किस हेतु से और किस अभिलाषा से इतना कठिन मार्ग तय करके यहाँ पधारे हैं? यदि कोई बात विशेष गोपनीय न हो तो हमसे कहिये। हम आपकी क्या सेवा करें?’
परीक्षित! लीला से ही मनुष्य रूप धारण करने वाले भगवान श्रीकृष्ण ने जब इस प्रकार ब्राह्मणदेवता से पूछा, तब उन्होंने सारी बात कह सुनायी। इसके बाद वे भगवान से रुक्मिणी जी का सन्देश कहने लगे।
रुक्मिणी जी ने कहा है- त्रिभुवनसुन्दर! आपके गुणों को, जो सुनने वालों के कानों के रास्ते हृदय में प्रवेश करके एक-एक अंग के ताप, जन्म-जन्म की जलन बुझा देते हैं तथा अपने रूप-सौन्दर्य को जो नेत्र वाले जीवों के नेत्रों के लिये धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष- चारों पुरुषार्थों के फल एवं स्वार्थ-परमार्थ, सब कुछ हैं, श्रवण करके प्यारे अच्युत! मेरा चित्त लज्जा, शर्म सब कुछ छोड़कर आप में ही प्रवेश कर रहा है। प्रेमस्वरूप श्यामसुन्दर! चाहे जिस दृष्टि से देखें; कुल, शील, स्वभाव, सौन्दर्य, विद्या, अवस्था, धन-धाम- सभी में आप अद्वितीय हैं, अपने ही समान हैं। मनुष्य लोक में जितने भी प्राणी हैं, सबका मन आपको देखकर शान्ति का अनुभव करता है, आनन्दित होता है। अब पुरुषभूषण! आप ही बतलाइये, ऐसी कौन-सी कुलवती, महागुणी और धैर्यवती कन्या होगी, जो विवाह के योग्य समय आने पर आपको ही पति के रूप में वरण न करेगी? इसीलिये प्रियतम! मैंने आपको पतिरूप से वरण किया है। मैं आपको आत्मसमर्पण कर चुकी हूँ। आप अन्तर्यामी हैं। मेरे हृदय की बात आपसे छिपी नहीं हैं। आप यहाँ पधार कर मुझे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कीजिये।
कमलनयन! प्राणवल्लभ! मैं आप-सरीखे वीर को समर्पित हो चुकी हूँ, आपकी हूँ। अब जैसे सिंह का भाग सियार छू जाये, वैसे कहीं शिशुपाल निकट से आकर मेरा स्पर्श न कर जाये। मैंने यदि जन्म-जन्म में पूर्त (कुआँ, बावली आदि खुदवाना), इष्ट (यज्ञादि करना), दान, नियम, व्रत तथा देवता, ब्राह्मण और गुरु आदि की पूजा के द्वारा भगवान परमेश्वर की ही आराधना की हो और वे मुझ पर प्रसन्न हों तो भगवान श्रीकृष्ण आकर मेरा पाणिग्रहण करें; शिशुपाल अथवा दूसरा कोई भी पुरुष मेरा स्पर्श न कर सके।
प्रभो! आप अजित हैं। जिस दिन मेरा विवाह होने वाला हो, उसके एक दिन पहले आप हमारी राजधानी में गुप्त रूप से आ जाइये और फिर बड़े-बड़े सेनापतियों के साथ शिशुपाल तथा जरासन्ध की सेनाओं को मथ डालिये, तहस-नहस कर दीजिये और बलपूर्वक राक्षस-विधि से वीरता का मूल्य देकर मेरा पाणिग्रहण कीजिये।
यदि आप यह सोचते हों कि ‘तुम तो अन्तःपुर में-भीतर के जनाने महलों में पहरे के अंदर रहती हो, तुम्हारे भाई-बंधुओं को मारे बिना मैं तुम्हें कैसे ले जा सकता हूँ?’ तो इसका उपाय मैं आपको बतलाये देती हूँ। हमारे कुल का ऐसा नियम है कि विवाह के पहले दिन कुलदेवी का दर्शन करने के लिये एक बहुत बड़ी यात्रा होती है, जुलूस निकलता है-जिसमें विवाही जाने वाली कन्या को, दुलहिन को नगर के बाहर गिरिजा देवी के मन्दिर में जाना पड़ता है।
कमलनयन! उमापति भगवान शंकर के समान बड़े-बड़े महापुरुष भी आत्माशुद्धि के लिये आपके चरणकमलों की धूल से स्नान करना चाहते हैं। यदि मैं आपका वह प्रसाद, आपकी चरणधूल नहीं प्राप्त कर सकी तो व्रत द्वारा शरीर को सुखाकर प्राण छोड़ दूँगी। चाहे उसके लिये सैकड़ों जन्म क्यों ने लेने पड़ें, कभी-न-कभी तो आपका वह प्रसाद अवश्य ही मिलेगा।
ब्राह्मणदेवता ने कहा- 'यदुवंशशिरोमणे! यही रुक्मिणी के अत्यन्त गोपनीय सन्देश हैं, जिन्हें लेकर मैं आपके पास आया हूँ। इसके सम्बन्ध में जो कुछ करना हो, विचार कर लीजिये और तुरंत ही उसके अनुसार कार्य कीजिये।' (32-44)
Post a Comment
Post a Comment