*॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥*
"श्रीमद्भागवतमहापुराण"
स्कन्ध 10 || अध्याय 71 ||
*श्रीकृष्ण भगवान का इन्द्रप्रस्थ पधारना*
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण के वचन सुनकर महामती उद्धव जी ने देवर्षि नारद, सभासाद और भगवान श्रीकृष्ण के मत पर विचार किया और फिर कहने लगे।
उद्धव जी ने कहा- "भगवन! देवर्षि नारद जी ने आपको यह सलाह दी है कि फुफेरे भाई पांडवों के 'राजसूय यज्ञ' में सम्मिलित होकर उनकी सहायता करनी चाहिये। उसका यह कथन ठीक ही है और साथ ही यह भी ठीक है कि शरणागतों की रक्षा अवश्य कर्तव्य है। प्रभो! केवल जरासंध को जीत लेने से ही हमारा उद्देश्य सफ़ल हो जायेगा, साथ ही उससे बंदी राजाओं को मुक्ति और उसके कारण आपको सुयश की भी प्राप्ति हो जायेगी। राजा जरासंध बड़े-बड़े लोगों के भी दाँत खट्टे कर देता है; क्योंकि दस हज़ार हाथियों का बल उसे प्राप्त है। उसे यदि हरा सकते हैं तो केवल भीमसेन, क्योंकि वे भी वैसे ही बली हैं। उसे आमने-सामने के युद्ध में एक वीर जीत लें, यही सबसे अच्छा है। सौ अक्षौहिणी सेना लेकर जब वह युद्ध के लिये खड़ा होगा, उस समय उसे जीतना आसान न होगा। जरासंध बहुत बड़ा ब्राह्मण-भक्त है। यदि ब्राह्मण उससे किसी बात की याचना करते हैं, तो वह कभी कोरा जवाब नहीं देता। इसलिये भीमसेन ब्राह्मण के वेष में जायँ और उससे युद्ध की भिक्षा माँगे। भगवन! इसमें सन्देह नहीं कि यदि आपकी उपस्थिति में भीमसेन और जरासंध का द्वन्द युद्ध हो, तो भीमसेन उसे मार डालेंगे। प्रभो! आप सर्वशक्तिमान, रूपरहित और कालस्वरूप हैं। विश्व की सृष्टि और प्रलय आपकी ही शक्ति से होता है। ब्रह्मा और शंकर तो उसमें निमित्त मात्र हैं। जब इस प्रकार आप जरासंध का वध कर डालेंगे, तब क़ैद में पड़े हुए राजाओं की रानियाँ अपने महलों में आपकी इस विशुद्ध लीला का गान करेंगी कि आपने उनके शत्रु का नाश कर दिया और उनके प्राणपतियों को छुड़ा दिया। ठीक वैसे ही, जैसे गोपियाँ शंखचूड़ से छुड़ाने की लीला का, आपके शरणागत मुनिगण गजेन्द्र और जानकी जी के उद्धार की लीला का तथा हम लोग आपके माता-पिता को कंस के कारागार से छुड़ाने की लीला का गान करते हैं। इसलिये प्रभो! जरासंध का वध स्वयं ही बहुत-से प्रयोजन सिद्ध कर देगा। बंदी नरपतियों के पुण्य-परिणाम से अथवा जरासंध के पाप-परिणाम से सच्चिंदानन्द श्रीकृष्ण! आप भी तो इस समय 'राजसूय यज्ञ' का होना ही पसंद करते हैं (इसलिये आप वहीं पधारिये)।"
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- परीक्षित! उद्धव जी की यह सलाह सब प्रकार से हितकर और निर्दोष थी। देवर्षि नारद, यदुवंश के बड़े-बूढ़े और स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने भी उनकी बात का समर्थन किया। अब अन्तर्यामी भगवान श्रीकृष्ण ने वसुदेव आदि गुरुजनों से अनुमति लेकर दारुक, जैत्र आदि सेवकों को इन्द्रप्रस्थ जाने की तैयारी करने के लिये आज्ञा दी।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने यदुराज उग्रसेन और बलराम जी से आज्ञा लेकर बाल-बच्चों के साथ रानियों और उनके सब सामानों को आगे चला दिया और फिर दारुक के लाये हुए गरुड़ध्वज रथ पर स्वयं सवार हुए।
इसके बाद रथों, हाथियों, घुड़सवारों और पैदलों की बड़ी भारी सेना के साथ उन्होंने प्रस्थान किया। उस समय मृदंग, नगारे, ढोल, शंख और नरसिंगों की ऊँची ध्वनि से दसों दिशाएँ गूँज उठीं।
सती शिरोमणि रुक्मिणी जी आदि सहस्रों श्रीकृष्ण की पत्नियाँ अपनी सन्तानों के साथ सुन्दर-सुन्दर वस्त्राभूषण चन्दन, अंगराग और पुष्पों के हार आदि से सज-धजकर डोलियों, रथों और सोने की बनी हुई पालकियों में चढ़कर अपने पतिदेव भगवान श्रीकृष्ण के पीछे-पीछे चलीं। पैदल सिपाही हाथों में ढाल-तलवार लेकर उनकी रक्षा करते हुए चल रहे थे। इसी प्रकार अनुचरों की स्त्रियाँ और वारांगनाएँ भलीभाँति श्रृंगार करके खस आदि की झोपड़ियों, भाँति-भाँति के तंबुओं, कनातों, कम्बलों और ओढ़ने-बिछाने आदि की सामग्रियों को बैलों, भैंसों, गधों और खच्चरों पर लादकर तथा पालकी, ऊँट, छकड़ों और हथिनियों पर सवार होकर चलीं। जैसे मगरमच्छों और लहरों की उछल-कूद से क्षुब्ध समुद्र की शोभा होती है, ठीक वैसे ही अत्यन्त कोलाहल से परिपूर्ण, फहराती हुई बड़ी-बड़ी पताकाओं, छत्रों, चँवरों, श्रेष्ठ अस्त्र-शस्त्रों, वस्त्राभूणों, मुकुटों, कवचों और दिन के समय उन पर पड़ती हुई सूर्य की किरणों से भगवान श्रीकृष्ण की सेना अत्यन्त शोभायमान हुई।
देवर्षि नारद जी भगवान श्रीकृष्ण से सम्मानित होकर और उनके निश्चय को सुनकर प्रसन्न हुए। भगवान के दर्शन से उनका हृदय और समस्त इन्द्रियाँ परमानन्द में मग्न हो गयीं। विदा होने के समय भगवान श्रीकृष्ण ने उनका नाना प्रकार की सामग्रियों से पूजन किया। अब देवर्षि नारद ने उन्हें मन-ही-मन प्रणाम किया और उनकी दिव्य मूर्ति को हृदय में धारण करके आकाश-मार्ग से प्रस्थान किया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने जरासन्ध के बंदी नरपतियों के दूत को अपनी मधुर वाणी से आश्वासन देते हुए कहा- ‘दूत! तुम अपने राजाओं से जाकर कहना- 'डरो मत! तुम लोगो का कल्याण हो। मैं जरासन्ध को मरवा डालूँगा’। भगवान की ऐसी आज्ञा पाकर वह दूत गिरिव्रज चला गया और नरपतियों को भगवान श्रीकृष्ण का सन्देश ज्यों-का-त्यों सुना दिया। वे राजा भी कारागार से छूटने के लिये शीघ्र-से-शीघ्र भगवान के शुभ दर्शन की बाट जोहने लगे।
परीक्षित! अब भगवान श्रीकृष्ण आनर्त, सौवीर, मरू, कुरुक्षेत्र और उनके बीच में पड़ने वाले पर्वत, नदी, नगर, गाँव, अहीरों की बस्तियाँ तथा खानों को पार करते हुए आगे बढ़ने लगे।
भगवान मुकुन्द मार्ग में दृषद्वती एवं सरस्वती नदी पार करके पांचाल और मत्स्य देशों में होते हुए इन्द्रप्रस्थ जा पहुँचे। परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन अत्यन्त दुर्लभ है। जब अजातशत्रु महाराज युधिष्ठिर को यह समाचार मिला कि भगवान श्रीकृष्ण पधार गये हैं, तब उनका रोम-रोम आनन्द से खिल उठा। वे अपने आचार्यों और स्वजन-सम्बन्धियों के साथ भगवान की अगवानी करने के लिये नगर से बाहर आये। मंगल-गीत गाये जाने लगे, बाजे बजने लगे, बहुत-से ब्राह्मण मिलकर ऊँचे स्वर से वेदमन्त्रों का उच्चारण करने लगे। इस प्रकार वे बड़े आदर से हृषीकेश भगवान का स्वागत करने के लिये चले, जैसे इन्द्रियाँ मुख्य प्राण से मिलने जा रही हों।
भगवान श्रीकृष्ण को देखकर राजा युधिष्ठिर का हृदय स्नेहातिरेक से गद्गद हो गया। उन्हें बहुत दिनों पर अपने प्रियतम भगवान श्रीकृष्ण को देखऩे का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। अतः वे उन्हें बार-बार अपने हृदय से लगाने लगे।
भगवान श्रीकृष्ण का श्रीविग्रह भगवती लक्ष्मी जी का पवित्र और एकमात्र निवास-स्थान है। राजा युधिष्ठिर अपनी दोनों भुजाओं से उसका आलिंगन करके समस्त पाप-तापों से छुटकारा पा गये। वे सर्वतोभावेन परमानन्द के समुद्र में मग्न हो गये। नेत्रों में आँसू छलक आये, अंग-अंग पुलकित हो गया, उन्हें इस विश्व-प्रपंच के भ्रम का तनिक भी स्मरण न रहा। तदनन्तर भीमसेन ने मुसकराकर अपने ममेरे भाई श्रीकृष्ण का आलिंगन किया। इससे उन्हें बड़ा आनन्द मिला। उस समय उनके हृदय में इतना प्रेम उमड़ा कि उन्हें बाह्य विस्मृति-सी हो गयी। नकुल, सहदेव और अर्जुन ने भी अपने परम प्रियतम और हितैषी भगवान श्रीकृष्ण का बड़े आनन्द से आलिंगन प्राप्त किया। उस समय उनके नेत्रों में आँसुओं की बाढ़-सी आ गयी थी। अर्जुन ने पुनः भगवान श्रीकृष्ण का आलिंगन किया, नकुल और सहदेव ने अभिवादन किया और स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मणों और कुरुवंशी वृद्धों को यथायोग्य नमस्कार किया।
कुरु, सृंजय और केकय देश के नरपतियों ने भगवान श्रीकृष्ण का सम्मान किया और भगवान श्रीकृष्ण ने भी उनका यथोचित सत्कार किया। सूत, मागध, बंदीजन और ब्राह्मण भगवान की स्तुति करने लगे तथा गन्धर्व, नट, विदूषक आदि मृदंग, शंख, नगारे, वीणा, ढोल और नरसिंगे बजा-बजाकर कमलनयन भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न करने के लिये नाचने-गाने लगे। इस प्रकार परमयशस्वी भगवान श्रीकृष्ण ने अपने सुहृद-स्वजनों के साथ सब प्रकार से सुसज्जित इन्द्रप्रस्थ नगर में प्रवेश किया। उस समय लोग आपस में भगवान श्रीकृष्ण की प्रशंसा करते चल रहे थे।
इन्द्रप्रस्थ नगर की सड़कें और गलियाँ मतवाले हाथियों के मद से तथा सुगन्धित जल से सींच दी गयी थीं। जगह-जगह रंग-बिरंगी झंडियाँ लगा दी गयी थीं। सुनहले तोरन बाँधे हुए थे और सोने के जल भरे कलश स्थान-स्थान पर शोभा पा रहे थे। नगर के नर-नारी नहा-धोकर तथा नये वस्त्र, आभूषण, पुष्पों के हार, इत्र-फुलेल आदि से सज-धजकर घूम रहे थे। घर-घर में ठौर-ठौर पर दीपक जलाये गये थे, जिनसे दीपावली की-सी छटा हो रही थी। प्रत्येक घर के झरोखों से धूप का धूआँ निकलता हुआ बहुत ही भला मालूम होता था। सभी घरों के ऊपर पताकाएँ फहरा रहीं थीं तथा सोने के कलश और चाँदी के शिखर जगमगा रहे थे। भगवान श्रीकृष्ण इस प्रकार के महलों से परिपूर्ण पाण्डवों की राजधानी इन्द्रप्रस्थ नगर को देखते हुए आगे बढ़ रहे थे।
जब युवतियों ने सुना कि मानव-नेत्रों के पानपात्र अर्थात् अत्यन्त दर्शनीय भगवान श्रीकृष्ण राजपथ पर आ रहे हैं, तब उनके दर्शन की उत्सुकता के आवेग से उनकी चोटियों और साड़ियों की गाँठें ढीली पड़ गयी। उन्होंने घर का काम-काज तो छोड़ ही दिया, सेज पर सोये हुए अपने पतियों को भी छोड़ दिया और भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन करने के लिये राजपथ पर दौड़ आयीं। सड़क पर हाथी, घोड़े, रथ और पैदल सेना की भीड़ लग रही थी। उन स्त्रियों ने अटारियों पर चढ़कर रानियों के सहित भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन किया, उनके ऊपर पुष्पों की वर्षा की और मन-ही-मन आलिंगन किया तथा प्रेमभरी मुस्कान एवं चितवन से उनका सुस्वागत किया।
नगर की स्त्रियाँ राजपथ पर चन्द्रमा के साथ विराजमान तारोओं के समान श्रीकृष्ण की पत्नियों को देखकर आपस में कहने लगीं- ‘सखी! इन बड़भागिनी रानियों ने न जाने ऐसा कौन-सा पुण्य किया है, जिसके कारण पुरुषशिरोमणि भगवान श्रीकृष्ण अपने उन्मुक्त हास्य और विलासपूर्ण कटाक्ष से उनकी ओर देखकर उनके नेत्रों को परम आनन्द प्रदान करते हैं।'
इसी प्रकार भगवान श्रीकृष्ण राजपथ से चल रहे थे। स्थान-स्थान पर बहुत-से निष्पाप धनी-मानी और शिल्पजीवी नागरिकों ने अनेकों मांगलिक वस्तुएँ ला-लाकर उनकी पूजा-अर्चा और स्वागत सत्कार किया। अन्तःपुर की स्त्रियाँ भगवान श्रीकृष्ण को देखकर प्रेम और आनन्द से भर गयीं। उन्होंने अपने प्रेमविह्वल और आनन्द से खिले नेत्रों के द्वारा भगवान का स्वागत किया और श्रीकृष्ण उनका स्वागत-सत्कार स्वीकार करते हुए राजमहल में पधारे।
जब कुन्ती ने अपने त्रिभुवनपति भतीजे श्रीकृष्ण को देखा, तब उनका हृदय प्रेम से भर आया। वे पलँग से उठकर अपनी पुत्रवधू द्रौपदी के साथ आगे गयीं और और भगवान श्रीकृष्ण को हृदय से लगा लिया। देवदेवेश्वर भगवान श्रीकृष्ण को राजमहल के अन्दर लाकर राजा युधिष्ठिर आदरभाव और आनन्द के उद्रेक से आत्म-विस्मृत हो गये; उन्हें इस बात की भी सुधि न रही कि किस क्रम से भगवान की पूजा करनी चाहिये। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी फुआ कुन्ती और गुरुजनों की पत्नियों का अभिवादन किया। उनकी बहिन सुभद्रा और द्रौपदी ने भगवान को नमस्कार किया।
अपनी सास कुन्ती की की प्रेरणा से द्रौपदी ने वस्त्र, आभूषण, माला आदि के द्वारा रुक्मिणी, सत्यभामा, भद्रा, जांबवती, कालिंदी, मित्रविंदा, लक्ष्मणा और परम साध्वी सत्या- भगवान श्रीकृष्ण की इन पटरानियों का तथा वहाँ आयी हुई श्रीकृष्ण की अन्यान्य रानियों का भी यथायोग्य सत्कार किया। धर्मराज युधिष्ठिर ने भगवान श्रीकृष्ण को उनकी सेना, सेवक, मन्त्री और पत्नियों के साथ ऐसे स्थान में ठहराया, जहाँ उन्हें नित्य नयी-नयी सुख की सामग्रियाँ प्राप्त हों। अर्जुन के साथ रहकर भगवान श्रीकृष्ण ने खाण्डव वन का दाह करवाकर अग्नि को तृप्त किया था और मयासुर को उससे बचाया था।
परीक्षित! उस मयासुर ने ही धर्मराज युधिष्ठिर के लिये भगवान की आज्ञा से एक दिव्य सभा तैयार कर दी। भगवान श्रीकृष्ण राजा युधिष्ठिर को आनन्दित करने के लिये कई महीनों तक इन्द्रप्रस्थ में ही रहे। वे समय-समय पर अर्जुन के साथ रथ पर सवार होकर विहार करने के लिये इधर-उधर चले जाया करते थे। उस समय बड़े-बड़े वीर सैनिक भी उनकी सेवा के लिये साथ-साथ जाते । (01-46)
Post a Comment
Post a Comment