*॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥*
"श्रीमद्भागवतमहापुराण"
स्कन्ध 10 || अध्याय 79 ||
*बल्वल का उद्धार और बलराम जी कि तीर्थयात्रा*
श्रीशुकदेव जी कहते हैं- परीक्षित! पर्व का दिन आने पर बड़ा भयंकर अंधड़ चलने लगा। धूल की वर्षा होने लगी और चारों ओर से पीब की दुर्गन्ध आने लगी। इसके बाद यज्ञशाला में बल्वल दानव ने मल-मूत्र आदि अपवित्र वस्तुओं की वर्षा की। तदनन्तर हाथ में त्रिशूल लिये वह स्वयं दिखायी पड़ा। उस का डील-डौल बहुत बड़ा था, ऐसा जान पड़ता मानो ढेर-का-ढेर कालिख इकठ्ठा कर दिया गया हो। उसकी चोटी और दाढ़ी-मूँछ तपे हुए ताँबे के समान लाल-लाल थीं। बड़ी-बड़ी दाढ़ों और भौंहों के कारण उसका मुँह बड़ा भयावना लगता था। उसे देखकर भगवान बलराम जी ने शत्रु सेना की कुंदी करने वाले मूसल और दैत्यों को चीर-फाड़ डालने वाले हल का स्मरण किया। उनके स्मरण करते ही वे दोनों शस्त्र तुरंत वहाँ आ पहुँचे ।
बलराम जी ने आकाश में विचरने वाले बल्वल दैत्य को अपने हल के अगले भाग से खींचकर उस ब्रह्मद्रोही के सिर पर बड़े क्रोध से एक मूसल कसकर जमाया, जिससे उसका ललाट फट गया और वह खून उगलता तथा आर्तस्वर से चिल्लाता हुआ धरती पर गिर पड़ा, ठीक वैसे ही जैसे वज्र की चोट खाकर गेरू आदि से लाल हुआ कोई पहाड़ गिर पड़ा हो।
नैमिषारण्यवासी महाभाग्यवान् मुनियों ने बलराम जी की स्तुति की, उन्हें कभी न व्यर्थ होने वाले आशीर्वाद दिये और जैसे देवता लोग देवराज इन्द्र का अभिषेक करते हैं, वैसे ही उनका अभिषेक किया। इसके बाद ऋषियों ने बलराम जी को दिव्य वस्त्र और दिव्य आभूषण दिये तथा एक ऐसी वैजन्ती की माला भी दी, जो सौन्दर्य का आश्रय एवं कभी ने मुरझाने वाले कमल के पुष्पों से युक्त थी।
तदनन्तर नैमिषारण्यवासी ऋषियों से विदा होकर उनके आज्ञानुसार बलराम जी ब्राह्मणों के साथ कौशिकी नदी के तट पर आये। वहाँ स्नान करके वे उस सरोवर पर गये, जहाँ से सरयू नदी निकलती है। वहाँ से सरयू के किनारे-किनारे चलने लगे, फिर उसे छोड़कर प्रयाग आये; वहाँ स्नान तथा देवता, ऋषि एवं पितरों का तर्पण करके वहाँ से पुलहाश्रम गये। वहाँ से गण्डकी, गोमती तथा विपाशा नदियों में स्नान किया। इसके बाद गया में जाकर पितरों का वसुदेव जी के आज्ञानुसार पूजन-यजन किया। फिर गंगासागर संगम पर गये; वहाँ भी स्नान आदि तीर्थ-कृत्यों से निवृत्त होकर महेन्द्र पर्वत पर गये। वहाँ परशुराम जी का दर्शन और अभिवादन किया।
तदनन्तर सप्तगोदावरी, वेणा, पम्पा और भीमरथी आदि में स्नान करते हुए स्वामिकार्तिक का दर्शन करने गये तथा वहाँ से महादेव जी के निवास स्थान श्रीशैल पर पहुँचे। इसके बाद भगवान बलराम ने द्रविड़ देश के परम पुण्यमय स्थान वेंकटाचल (बालाजी) का दर्शन किया और वहाँ से वे कामाक्षी- शिवकांची, विष्णुकांची होते हुए तथा श्रेष्ठ नदी कावेरी में स्नान करते हुए पुण्यमय श्रीरंग क्षेत्र में पहुँचे। श्रीरंग क्षेत्र में भगवान विष्णु सदा विराजमान रहते हैं। वहाँ से उन्होंने विष्णु भगवान के क्षेत्र ऋषभ पर्वत, दक्षिण मथुरा तथा बड़े-बड़े महापापों को नष्ट करने वाले सेतुबन्ध की यात्रा की। वहाँ बलराम जी ने ब्राह्मणों को दस हजार गौएँ दान कीं। फिर वहाँ से कृतमाला और ताम्रपणीं नदियों में स्नान करते हुए वे मलय पर्वत पर गये। वह पर्वत सात कुलपर्वतों में से एक है।
वहाँ पर विराजमान अगस्त्य मुनि को उन्होंने नमस्कार और अभिवादन किया। अगस्त्य जी से आशीर्वाद और अनुमति प्राप्त परके बलराम जी ने दक्षिण समुद्र की यात्रा की। वहाँ उन्होंने दुर्गादेवी का कन्याकुमारी के रूप में दर्शन किया। इसके बाद वे फाल्गुन तीर्थ-अनन्तशयन क्षेत्र में गये और वहाँ के सर्वश्रेष्ठ पंचाप्सरस तीर्थ में स्नान किया। उस तीर्थ में सर्वदा विष्णु भगवान का सान्निध्य रहता है। वहाँ बलराम जी ने दस हजार गौएँ दान कीं।
अब भगवान बलराम वहाँ से चलकर केरल और त्रिगर्त देशों में होकर भगवान शंकर के क्षेत्र गोकर्ण तीर्थ में आये। वहाँ सदा-सर्वदा भगवान शंकर विराजमान रहते हैं। वहाँ से जल से घिरे द्वीप में निवास करने वाली आर्यादेवी का दर्शन करने गये और फिर उस द्वीप से चलकर शूर्पारक-क्षेत्र की यात्रा की, इसके बाद तापी, पयोष्णी और निर्विन्ध्या नदियों में स्नान करके वे दण्डकारण्य में आये। वहाँ होकर वे नर्मदा जी के तट पर गये। परीक्षित! इस पवित्र नदी के तट पर ही माहिष्मतीपुरी है। वहाँ मनुतीर्थ में स्नान करके वे फिर प्रभास क्षेत्र में चले आये। वहीं उन्होंने ब्राह्मणों से सुना कि कौरव और पाण्डवों के युद्ध में अधिकांश क्षत्रियों का संहार हो गया। उन्होंने ऐसा अनुभव किया कि अब पृथ्वी का बहुत-सा भार उतर गया। जिस दिन रणभूमि में भीमसेन और दुर्योधन गदायुद्ध कर रहे थे, उसी दिन बलराम जी उन्हें रोकने के लिये कुरुक्षेत्र जा पहुँचे।
महाराज युधिष्ठिर, नकुल, सहदेव, भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन ने बलराम जी को देखकर प्रणाम किया तथा चुप ही रहे। वे डरते हुए मन-ही-मन सोचने लगे कि ये जाने क्या कहने के लिये यहाँ पधारे हैं? उस समय भीमसेन और दुर्योधन दोनों ही हाथ में गदा लेकर एक-दूसरे को जीतने के लिये क्रोध से भरकर भाँति-भाँति के पैंतरे बदल रहे थे। उन्हें देखकर बलराम जी ने कहा- ‘राजा दुर्योधन और भीमसेन! तुम दोनों वीर हो। तुम दोनों में बल-पौरुष भी समान है। मैं ऐसा समझता हूँ कि भीमसेन में बल अधिक है और दुर्योधन ने गदा युद्ध में शिक्षा अधिक पायी है। इसलिये तुम लोग-जैसे समान बलशालियों में किसी एक की जय या पराजय नहीं होती दीखती। अतः तुम लोग व्यर्थ का युद्ध मत करो, अब इसे बंद कर दो’।
परीक्षित! बलराम जी की बात दोनों के लिये हितकर थी। परन्तु उन दोनों का वैरभाव इतना दृढ़ मूल हो गया था कि उन्होंने बलराम जी की बात न मानी। वे एक-दूसरे की कटुवाणी और दुर्व्यवहारों का स्मरण करके उन्मत्त-से हो रहे थे।
भगवान बलराम जी ने निश्चय किया कि इनका प्रारब्ध ऐसा ही है; इसलिये उसके सम्बन्ध में विशेष आग्रह न करके वे द्वारका लौट गये।
द्वारका में उग्रसेन आदि गुरुजनों तथा अन्य सम्बन्धियों ने बड़े प्रेम से आगे आकर उनका स्वागत किया। वहाँ से बलराम जी फिर नैमिषारण्य क्षेत्र में गये। वहाँ ऋषियों ने विरोधभाव से-युद्धादि से निवृत्त बलराम जी के द्वारा बड़े प्रेम से सब प्रकार के यज्ञ कराये।
परीक्षित! सच पूछो तो जितने भी यज्ञ हैं, वे बलराम जी के अंग ही हैं। इसलिये उनका यह यज्ञानुष्ठान लोक संग्रह के लिये ही था। सर्वसमर्थ भगवान बलराम ने उन ऋषियों को विशुद्ध तत्त्वज्ञान का उपदेश किया, जिससे वे लोग इस सम्पूर्ण विश्व को अपने-आप में और अपने-आपको सारे विश्व में अनुभव करने लगे। इसके बाद बलराम जी ने अपनी पत्नी रेवती के साथ यज्ञान्त-स्नान किया और सुन्दर-सुन्दर वस्त्र तथा आभूषण पहनकर अपने भाई-बन्धु तथा स्वजन-सम्बन्धियों के साथ इस प्रकार शोभायमान हुए, जैसे अपनी चन्द्रिका एवं नक्षत्रों के साथ चन्द्रदेव होते हैं।
परीक्षित! भगवान बलराम स्वयं अनन्त हैं। उनका स्वरूप मन और वाणी के परे हैं। उन्होंने लीला के लिये ही यह मनुष्यों का-सा शरीर ग्रहण किया है। उन बलशाली बलराम जी के ऐसे-ऐसे चरित्रों की गिनती भी नहीं की जा सकती। जो पुरुष अनन्त, सर्वव्यापक, अद्भुतकर्मा भगवान बलराम जी के चरित्रों का सायं-प्रातः स्मरण करता है, वह भगवान का अत्यन्त प्रिय हो जाता है।
Post a Comment
Post a Comment