स्कन्ध 10 || अध्याय 43 || *कुवलयापीड़का उद्धार और अखाड़ेमें प्रवेश*

*॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥*
       "श्रीमद्भागवतमहापुराण" 

स्कन्ध 10 || अध्याय 43 || 
*कुवलयापीड़का उद्धार और अखाड़ेमें प्रवेश*
श्री शुकदेव जी कहते हैं - काम-क्रोधादि शत्रुओं को पराजित करने वाले परीक्षित! अब श्रीकृष्ण  और बलराम भी स्नानादि नित्यकर्म से निवृत्त हो दंगल के अनुरूप नगाड़े की ध्वनि सुनकर रंगभूमि देखने के लिये चल पड़े। भगवान श्रीकृष्ण ने रंगभूमि के दरवाजे पर पहुँचकर देखा कि वहाँ महावत की प्रेरणा से कुवलयापीड नाम का हाथी खड़ा है। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कमर कस ली और घुँघराली अलकें समेट लीं तथा मेघ के समान गम्भीर वाणी से महावत को ललकारा। कहा- ‘महावत, ओ महावत! हम दोनों को रास्ता दे दे। हमारे मार्ग से हट जा। अरे, सुनता नहीं? देर मत कर। नहीं तो मैं हाथी के साथ अभी तुझे यमराज के घर पहुँचाता हूँ।'

भगवान श्रीकृष्ण ने महावत को जब इस प्रकार धमकाया, तब वह क्रोध से तिलमिला उठा और उसने काल, मृत्यु तथा यमराज के समान अत्यन्त भयंकर कुवलयापीड को अंकुश की मार से क्रुद्ध करके श्रीकृष्ण की ओर बढ़ाया। कुवलयापीड ने भगवान की ओर झपटकर उन्हें बड़ी तेजी से सूँड़ में लपेट लिया; परन्तु भगवान सूँड़ से बाहर सरक आये और उसे एक घूँसा जमाकर उसके पैरों के बीच में जा छिपे। उन्हें अपने सामने न देखकर कुवलयापीड को बड़ा क्रोध हुआ। उसने सूँघकर भगवान को अपनी सूँड़ से टटोल लिया और पकड़ा भी; परन्तु उन्होंने बलपूर्वक अपने को उससे छुड़ा लिया।

इसके बाद भगवान उस बलवान हाथी की पूँछ पकड़कर खेल-खेल में ही उसे सौ हाथ तक पीछे घसीट लाये; जैसे गरुड़ साँप को घसीट लाते हैं। जिस प्रकार घूमते हुए बछड़े के साथ बालक घूमता है अथवा स्वयं भगवान श्रीकृष्ण  जिस प्रकार बछड़ों से खेलते थे, वैसे ही वे उसकी पूँछ पकड़कर उसे घुमाने और खेलने लगे। जब वह दायें से घूमकर उनको पकड़ना चाहता, तब वे बायें आ जाते और जब वह बायें की ओर घूमता, तब वे दायें घूम जाते। इसके बाद हाथी के सामने आकर उन्होंने उसे एक घूँसा जमाया और वे उसे गिराने के लिये इस प्रकार उसके सामने से भागने लगे, मानो वह अब छू लेता है, तब छू लेता है।

भगवान श्रीकृष्ण ने दौड़ते-दौड़ते एक बार खेल-खेल में ही पृथ्वी पर गिरने का अभिनय किया और झट वहाँ से उठकर भाग खड़े हुए। उस समय वह हाथी क्रोध से जल-भुन रहा था। उसने समझा कि वे गिर पड़े और बड़े जोर से दोनों दाँत धरती पर मारे। जब कुवलयापीड का यह आक्रमण व्यर्थ हो गया, तब वह और भी चिढ़ गया। महावतों की प्रेरणा से वह क्रुद्ध होकर भगवान श्रीकृष्ण पर टूट पड़ा। भगवान मधुसूदन ने जब उसे अपनी ओर झपटते देखा, तब उसके पास चले गये और अपने एक ही हाथ से उसकी सूँड़ पकड़कर उसे धरती पर पटक दिया। उसके गिर जाने पर भगवान ने सिंह के समान खेल-ही-खेल में उसे पैरों से दबाकर उसके दाँत उखाड़ लिये और उन्हीं से हाथी और महावतों का काम तमाम कर दिया ।

परीक्षित! मरे हुए हाथी को छोड़कर भगवान श्रीकृष्ण ने हाथ में उसके दाँत लिये-लिये ही रंगभूमि में प्रवेश किया। उस समय उनकी शोभा देखने ही योग्य थी। उनके कंधे पर हाथी का दाँत रखा हुआ था, शरीर रक्त और मद की बूँदों से सुशोभित था और मुखकमल पर पसीने की बूँदें झलक रहीं थीं।

परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण और बलराम दोनों के ही हाथ में कुवलयापीड के बड़े-बड़े दाँत शस्त्र के रूप में सुशोभित हो रहे थे और कुछ ग्वालबाल उनके साथ-साथ चल रहे थे। इस प्रकार उन्होंने रंगभूमि में प्रवेश किया। जिस समय भगवान श्रीकृष्ण बलराम जी के साथ रंगभूमि के पधारे, उस समय वे पहलवानों को व्रज कठोर शरीर, साधारण मनुष्यों को नर-रत्न, स्त्रियों को मूर्तिमान कामदेव, गोपों को स्वजन, दुष्ट राजाओं को दण्ड देने वाले शासक, माता-पिता के समान बड़े-बूढ़ों को शिशु, कंस  को मृत्यु, अज्ञानियों को विराट, योगियों को परम तत्त्व और भक्तशिरोमणि वृष्णिवंशियों को अपने इष्टदेव जान पड़े।

राजन! वैसे तो कंस बड़ा धीर-वीर था; फिर भी जब उसने देखा इन दोनों ने कुवलयापीड को मार डाला, तब उसकी समझ में यह बात आयी कि इनको जीतना तो बहुत कठिन है। उस समय वह बहुत घबरा गया। श्रीकृष्ण और बलराम की बाँहें बड़ी लम्बी-लम्बी थीं। पुष्पों के हार, वस्त्र और आभूषण आदि से उनका वेष विचित्र हो रहा था; ऐसा जान पड़ता था, मानो उत्तम वेष धारण करके दो नट अभिनय करने के लिये निकले हों। जिनके नेत्र एक बार उन पर पड़ जाते, बस, लग ही जाते। यही नहीं, वे अपनी कान्ति से उनका मन भी चुरा लेते। इस प्रकार दोनों रंगभूमि में शोभायमान हुए।

परीक्षित! मंचों पर जितने लोग बैठे थे - वे मथुरा के नागरिक और राष्ट्र के जन-समुदाय पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण और बलराम जी  को देखकर इतने प्रसन्न हुए कि उनके नेत्र और मुखकमल खिल उठे। उत्कण्ठा से भर गये। वे नेत्रों के द्वारा उनकी मुखमाधुरी का पान करते-करते तृप्त ही नहीं होते थे। मानो वे उन्हें नेत्रों से पी रहे हों, जिह्वा से चाट रहे हों, नासिका से सूँघ रहे हों और भुजाओं से पकड़कर हृदय से सटा रहे हों। उनके सौन्दर्य, गुण, माधुर्य और निर्भयता ने मानो दर्शकों को उनकी लीलाओं का स्मरण करा दिया और वे लोग आपस में उनके सम्बन्ध देखी-सुनी बातें कहने-सुनने लगे। ‘ये दोनों साक्षात भगवान नारायण के अंश हैं। इस पृथ्वी पर वसुदेव जी के घर में अवतीर्ण हुए हैं ।

अँगुली से दिखाकर ये साँवले-सलोने कुमार देवकी के गर्भ से उत्पन्न हुए थे। जन्मते ही वसुदेवजी ने इन्हें गोकुल पहुँचा दिया था। इतने दिनों तक ये वहाँ छिपकर रहे और नन्दजी के घर में ही पलकर इतने बड़े हुए। इन्होंने ही पूतना, तृणावर्त, शंखचूड़, केशी और धेनुक आदि का तथा और भी दुष्ट दैत्यों का वध तथा यमलार्जुन का उद्धार किया है। इन्होंने ही गौ और ग्वालों को दावानल की ज्वाला से बचाया था। कालियनाग का दमन और इन्द्र का मान-मर्दन भी इन्होंने ही किया था।

इन्होंने सात दिनों तक एक ही हाथ पर गिरिराज गोवर्धन को उठाये रखा और उसके द्वारा आँधी-पानी तथा वज्रपात से गोकुल को बचा लिया। गोपियाँ  इनकी मन्द-मन्द मुस्कान, मधुर चितवन और सर्वदा एकरस प्रसन्न रहने वाले मुखारविन्द के दर्शन से आनन्दित रहती थीं और अनायास ही सब प्रकार के तापों से मुक्त हो जाती थीं। कहते हैं कि ये यदुवंश की रक्षा करेंगे। यह विख्यात वंश इनके द्वारा महान समृद्धि, यश और गौरव प्राप्त करेगा। ये दूसरे इन्हीं श्यामसुन्दर के बड़े भाई कमलनयन श्रीबलरामजी हैं। हमने किसी-किसी के मुँह से ऐसा सुना है कि इन्होंने ही प्रलम्बासुर, वत्सासुर और बकासुर आदि को मारा है।'

जिस समय दर्शकों में यह चर्चा हो रही थी और अखाड़े में तुरही आदि बाजे बज रहे थे, उस समय चाणूर ने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम को सम्बोधन करके यह बात कही - ‘नन्दनन्दन श्रीकृष्ण और बलराम जी! तुम दोनों वीरों के आदरणीय हो। हमारे महाराज ने यह सुनकर कि तुम लोग कुश्ती लड़ने में बड़े निपुण हो, तुम्हारा कौशल देखने के लिये तुम्हें यहाँ बुलवाया है। देखो भाई! जो प्रजा मन, वचन और कर्म से राजा का प्रिय कार्य करती है, उसका भला होता है और जो राजा की इच्छा के विपरीत काम करती है, उसे हानि उठानी पड़ती है। यह सभी जानते हैं कि गाय और बछड़े चराने वाले ग्वालिये प्रतिदिन आनन्द से जंगलों में कुश्ती लड़-लड़कर खेलते रहते हैं और गायें चराते रहते हैं। इसलिये आओ, हम और तुम मिलकर महाराज को प्रसन्न करने के लिये कुश्ती लड़े। ऐसा करने से हम पर सभी प्राणी प्रसन्न होंगे, क्योंकि राजा सारी प्रजा का प्रतीक है।'

परीक्षित! भगवान श्रीकृष्ण तो चाहते ही थे कि इनसे दो-दो हाथ करें। इसलिये उन्होंने चाणूर की बात सुनकर उसका अनुमोदन किया और देश-काल के अनुसार यह बात कही - ‘चाणूर! हम भी इन भोजराज कंस की वनवासी प्रजा हैं। हमें इनको प्रसन्न करने का प्रयत्न अवश्य करना चाहिये। इसी में हमारा कल्याण है। किन्तु चाणूर! हम लोग अभी बालक हैं। इसलिये हम अपने समान बल वाले बालकों के साथ ही लड़ने का खेल करेंगे। कुश्ती समान बलवालों के साथ ही होनी चाहिये, जिससे देखने वाले सभासदों को अन्याय के समर्थक होने का पाप न लगे।'

चाणूर ने कहा - 'अजी! तुम और बलराम न बालक हो और न तो किशोर। तुम दोनों बलवानों में श्रेष्ठ हो, तुमने अभी-अभी हज़ार हाथियों का बल रखने वाले कुवलयापीड को खेल-ही-खेल में मार डाला। इसलिये तुम दोनों को हम-जैसे बलवानों के साथ ही लड़ना चाहिये। इसमें अन्याय की कोई बात नहीं है। इसलिये कृष्ण! तुम मुझ पर अपना ज़ोर आजमाओ और बलराम के साथ मुष्टिक लड़ेगा। (01-40)

Post a Comment